महिला आजीविका योजनाओं के सात प्रस्तावों पर समिति की मुहर

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन में मुख्यमंत्री महिला समेकित सतत् आजीविका योजना एवं उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत प्राप्त सात प्रस्तावों की पात्रता और व्यवहारिकता की विस्तृत समीक्षा की गई। इनमें उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना के पांच तथा मुख्यमंत्री महिला समेकित सतत् आजीविका योजना के दो प्रस्ताव शामिल थे। परीक्षण में पात्र पाए गए प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशालय भेजने का निर्णय लिया गया। सीडीओ ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
