24 घंटे में नकबजनी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

देहरादून। सहसपुर क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी नगदी और सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मावाला निवासी 30 वर्षीय मुस्तकीम के रूप में हुई है, जो पूर्व में भी चोरी और लूट के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को धर्मावाला निवासी आदित्य सैनी ने दुकान से नगदी और सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 31 जुलाई को तिमली-धर्मावाला मार्ग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के 3,125 रुपये नकद तथा लगभग 46 हजार रुपये मूल्य का हार्डवेयर और परचून का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत और आर्थिक जरूरतों के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
