करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार

देहरादून। करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) लेने के मामले में दून पुलिस ने एक और आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 53 वर्षीय राजकमल निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है। इससे पहले इस मामले की मुख्य आरोपी बबीता देवी को पुलिस जून 2026 में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, पटेलनगर निवासी राहुल देव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके दिवंगत ममेरे दादा केवल कृष्ण की संपत्ति, जो वसीयत के माध्यम से उनके नाम थी, को हड़पने की नीयत से आरोपियों ने वर्ष 2025 में फर्जी अधिकार पत्र (पावर ऑफ अटॉर्नी) तैयार कराया। इसमें मृतक के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और उसी आधार पर संपत्ति पर स्टे लेने का प्रयास किया गया। राजकमल और एक अन्य आरोपी इस फर्जी दस्तावेज के गवाह थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य जुटाए और 31 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर राजकमल को जय कॉलोनी, सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!