दो नशा तस्करों को दबोचा, 15.85 ग्राम स्मैक और पिस्टल बरामद

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत प्रेमनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.85 ग्राम अवैध स्मैक, एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहारनपुर निवासी बलिस्टर (27) और अनुराग चौधरी (25) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में केहरी गांव में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सहारनपुर से स्मैक लाकर प्रेमनगर क्षेत्र में कॉलेज छात्रों, हॉस्टल, पीजी और फ्लैटों में रहने वाले युवाओं को बेचने की योजना बना रहे थे। बलिस्टर ने बरामद पिस्टल को अपना लाइसेंसी हथियार बताया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
