भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

चमोली। बद्रीनाथ धाम स्थित ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का करीब पांच लाख रुपये मूल्य का स्वर्ण मणि-जड़ित मुकुट और नकदी चोरी करने वाले आरोपी को चमोली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया मुकुट, 4500 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त बैग भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को आश्रम के ब्रह्मचारी भगवत दास ने बद्रीनाथ कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि आश्रम में ठहरे साधु राघवदास ने 24 जुलाई की रात मंदिर से भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट और नकदी चोरी कर ली। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने इसे करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और व्यापक तलाशी अभियान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। 29 जुलाई को विवेचक भूपेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस ने बद्रीश गंगा वाटिका गेट, हनुमानचट्टी रोड के पास घेराबंदी कर आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास, निवासी मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मंदिर से स्वर्ण मुकुट और आश्रम में ठहरे एक व्यक्ति के बैग से नकदी चुराई थी। उसकी निशानदेही पर भगवान नारायण का स्वर्ण मुकुट, चोरी की नकदी में से 4500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त बैग बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में विवेचक भूपेन्द्र प्रसाद, चन्दन सिंह नगरकोटी, विकास जुयाल, आशुतोष तिवारी, राजेंद्र रावत, गौरव रावत और शीशपाल सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
