आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विकसित होंगे औषधीय उद्यान

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में हरेला महाभियान के तहत जनपद के 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में औषधीय उद्यान विकसित किए जा रहे हैं। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग ने इसके लिए 1.70 लाख रुपये उपलब्ध कराए हैं। उद्यानों में तुलसी, अश्वगंधा, गिलोय, एलोवेरा, ब्राह्मी, लेमनग्रास और पुदीना सहित विभिन्न औषधीय एवं सुगंधित पौधों का रोपण किया जा रहा है। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इन उद्यानों का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना, औषधीय पौधों का संरक्षण करना और लोगों को प्राकृतिक एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। प्रशासन का मानना है कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और जनस्वास्थ्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
