प्रोजेक्ट ज्ञानदीप के तहत 18 विद्यालयों को मिले 900 फर्नीचर सेट
टिहरी। समआरंभ फाउंडेशन ने ओएनजीसी के सहयोग से संचालित ’प्रोजेक्ट ज्ञानदीप’ के तहत जनपद के 18 राजकीय विद्यालयों को 900 फर्नीचर सेट उपलब्ध कराए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुकूल शिक्षण वातावरण प्रदान करती हैं। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने इसे शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। फाउंडेशन के संस्थापक मयंक खंतवाल ने कहा कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में भविष्य में भी जनकल्याणकारी कार्य जारी रखेगी। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।
