अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

पौड़ी। विकास भवन स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों, पीड़ितों को सहायता तथा कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निष्पक्ष, संवेदनशील और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता एवं अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में समिति के सदस्यों ने भी विभिन्न सुझाव दिए और लिए गए निर्णयों के प्रभावी अनुपालन के निर्देश जारी किए।
