सीएमओ ने की राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यक्रमों की समीक्षा

उत्तरकाशी। नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही की प्रगति, स्वास्थ्य सूचकांकों और कार्यक्रमवार उपलब्धियों की समीक्षा की गई। डॉ. श्याम विजय ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए फील्ड स्तर पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने जल्द ही ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के साथ अलग समीक्षा बैठक आयोजित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी समन्वय पर विशेष जोर दिया।
