कठूड़ चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन-जन तक शासन की योजनाएं पहुंचाने के संकल्प के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड खिर्सू के निर्मल ग्राम कठूड़ में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों की सड़क निर्माण संबंधी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। जिलाधिकारी ने सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, विद्यालय में सोलर संयंत्र और आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला विकसित करने के निर्देश दिए। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जामणाखाल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा व्यवस्था, स्वच्छता और स्वास्थ्य शिविरों की नियमितता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और योजनाबद्ध विकास से गांवों का समग्र विकास संभव है तथा जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
