देवाल में दो मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण की तैयारी तेज

चमोली। देवाल बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित दो मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में निर्माण की रूपरेखा, डिजाइन और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि थरालीदृदेवाल मोटर मार्ग पर ब्रिडकुल द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर क्षेत्र में 18 करोड़ की लागत से दो मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी, जिसमें 77 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। परियोजना पूरी होने से बाजार क्षेत्र में पार्किंग समस्या का समाधान होगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी। जिलाधिकारी ने भवन उपनियमों का पूर्ण पालन, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के साथ पार्किंग परिसर में व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाओं का भी परीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में राजस्व सृजन और जनसुविधाओं में वृद्धि हो सके।
