कांवड़ मेले की सुरक्षा को लेकर मुनि की रेती में फ्लैग मार्च

टिहरी। कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए टिहरी पुलिस ने मुनि की रेती क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आमजन और कांवड़ यात्रियों में विश्वास का संदेश दिया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की गई। वहीं कांवड़ ड्यूटी में तैनात रिक्रूट आरक्षियों की जीरो परेड आयोजित कर उन्हें भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अनुशासन, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
