कुंभ मेला-2027: निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने सोमवार को विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खड़खड़ी मार्ग स्थित सूखी नदी पर बन रहे डबल लेन सेतु का जायजा लेकर सीवर लाइन शिफ्टिंग और पुल निर्माण कार्य समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। लालजीवाला आईवेल से सूखी नदी तक बिछाई जा रही 90.31 लाख की राइजिंग मेन परियोजना की 95 प्रतिशत प्रगति पर संतोष जताते हुए शेष कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। बिल्केश्वर मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रस्तावित पैदल यात्री अनुकूल फुटपाथ योजना की भी समीक्षा की गई। करीब 7.84 करोड़ की इस परियोजना के तहत शहर में साढ़े चार किलोमीटर से अधिक फुटपाथ विकसित किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी अतिथि गृह के पुनरोद्धार कार्यों की भी समीक्षा कर सभी परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित थर्ड पार्टी निरीक्षण के निर्देश दिए गए।
