75 हजार गौ सेवकों की मांग राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री तक पहुंची

रुद्रप्रयाग। गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को रुद्रप्रयाग से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री को 75 हजार से अधिक गौ सेवकों के हस्ताक्षरों वाले 3000 पन्नों का ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौ सेवा मंत्रालय की स्थापना, राष्ट्रीय गोचर बोर्ड के गठन, चारा सुरक्षा नीति लागू करने तथा प्रत्येक जिले में गौ ट्रॉमा सेंटर और गौ एंबुलेंस की व्यवस्था की मांग की गई। अभियान के जिला प्रभारी रोहित डिमरी ने इसे भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा विषय बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और गौ सेवकों ने गौ संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
