ऑनलाइन गेमिंग की लत से परिवार की आर्थिक बदहाली, डीएम ने दिए निर्देश


देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में 164 शिकायतों की सुनवाई कर अधिकारियों को समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि विवाद, अतिक्रमण, सीमांकन, आर्थिक सहायता और मानसून से हुए नुकसान से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने को कहा गया। ऑनलाइन गेमिंग की लत से परिवार की आर्थिक बदहाली, बुजुर्गों के उत्पीड़न और आर्थिक सहायता संबंधी मामलों में तत्काल राहत के निर्देश दिए गए। सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के पास सुरक्षा कार्य न होने पर बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई तथा सुरक्षात्मक कार्य कराने के आदेश दिए गए। साथ ही बिजली, अतिक्रमण, ओवरलोडिंग और सड़क निर्माण से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जन संवाद में 25 शिकायतों की सुनवाई, 12 का मौके पर निस्तारण

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतों की सुनवाई की गई। इनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देशों के साथ भेजा गया। जन संवाद में पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, उपप्रधान चुनाव और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनता मिलन में 34 शिकायतों की हुई सुनवाई

पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 34 शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में पुश्ता क्षतिग्रस्त होने, जल निकासी, वृद्धावस्था पेंशन और आपदा मुआवजे सहित कई मामलों पर सुनवाई हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनता दरबार में 55 से अधिक आई शिकायतें

टिहरी। जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की 55 से अधिक शिकायतें सुनीं। पेयजल, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग और खाद्य आपूर्ति समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर सुनवाई करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जनता दरबार में अवैध भूमि खरीद-फरोख्त, टिहरी बांध विस्थापन, राशन कार्ड, पेयजल आपूर्ति और क्षतिग्रस्त सड़कों जैसे मामलों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


पात्र व्यक्ति आवास योजना से वंचित न रहे

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में 22 शिकायतों पर सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सड़क, विद्युत, शिक्षा, नेटवर्क, गैस आपूर्ति और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों पर सुनवाई हुई। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!