छात्रवृत्ति योजना के लिए चयन प्रक्रिया शुरू

चमोली। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के चयन के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में जनपद स्तरीय शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हो गई। योजना के तहत 150 बालक और 150 बालिकाओं का चयन कर प्रत्येक को 1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। पहले दिन 8-9 वर्ष आयु वर्ग के 102 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की मौजूदगी में निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न हुई। जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि अन्य आयु वर्गों की चयन प्रक्रिया भी चरणबद्ध ढंग से आयोजित की जाएगी।
