शहरी निकायों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए डीएम ने दिए निर्देश
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को जिला सभागार में शहरी स्थानीय निकायों की समीक्षा बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सेप्टिक टैंक प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, धर्मशालाओं और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में वैज्ञानिक ’’बल्क वेस्ट मैनेजमेंट’’ व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सेप्टिक अपशिष्ट का निस्तारण केवल एसटीपी के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लीगेसी वेस्ट के शीघ्र निस्तारण, लैंडफिल साइट और एमआरएफ सेंटर के लिए भूमि चिन्हित करने तथा कम्पेक्टर मशीनों की स्थापना में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बताया कि अप्रैल से जून के बीच डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण से 18.26 लाख रुपये की आय हुई। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था, नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों, प्रधानमंत्री आवास योजना के 1,851 आवासों के निर्माण और पीएम स्वनिधि योजना के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
