काजल का हुआ राष्ट्रीय क्रिकेट चैम्पियनशिप के लिए चयन

श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल की छात्रा काजल नौटियाल का उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सीबीएसई अंडर-19 बालिका राष्ट्रीय क्रिकेट चैम्पियनशिप 2026-27 के लिए चयन हुआ है। उन्होंने सीबीएसई जोनल क्रिकेट ट्रायल्स में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक भी जीता। विद्यालय ने इस सफलता का श्रेय काजल की मेहनत के साथ शारीरिक शिक्षा शिक्षक अतुल उनियाल और राकेश डंगवाल के मार्गदर्शन को दिया। प्रधानाचार्या डॉ. रेखा उनियाल ने काजल को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
