शहीदों को समर्पित कर किया 40 यूनिट रक्तदान

श्रीनगर गढ़वाल। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान (वीसीएसजीजीएमएस एंड आर) में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं शहीदों को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए। करीब 200 प्रतिभागियों की मौजूदगी में आयोजित शिविर में लगभग 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई तथा 15 वीर नारियों और वीरता पुरस्कार प्राप्त पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। संस्थान परिसर में शहीदों की स्मृति में 50 पौधे भी लगाए गए। वक्ताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
