ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान

रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रहे सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत सारी में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया। ग्रामीणों की सात शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से चार का तत्काल निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 25 और आयुर्वेद विभाग ने 40 लोगों की जांच कर दवाएं वितरित कीं। विधायक आशा नौटियाल ने देवरियाताल ट्रैक के विकास, पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय और खेल मैदान जैसी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि यह अभियान दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
