जनगणना को लेकर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

चमोली। भारत की आगामी जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत गोपेश्वर स्थित जिला सभागार में गुरुवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनपद के 11 चार्ज क्षेत्रों से करीब 60 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका, ग्राम एवं नगर निर्देशिका तैयार करने, अभिलेखों के सत्यापन तथा जनगणना संबंधी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना कार्य पारदर्शिता, समयबद्धता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक अमित कुमार, नितीश रावत एवं सहायक भूलेख अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
