सीओ बड़कोट ने किया थाना मोरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,
उत्तरकाशी। पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) बड़कोट चंचल शर्मा ने थाना मोरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और ऑनलाइन शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील और शालीन व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मालखाना, शस्त्रागार, कार्यालय, भोजनालय तथा थाना परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। बरसात के मद्देनजर आपदा राहत एवं बचाव उपकरणों का निरीक्षण कर उन्हें 24×7 कार्यशील रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद आयोजित सम्मेलन में सीओ ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा उन्हें अनुशासन, जनसेवा और पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी दीपक रावत सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!