क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

देवप्रयाग। विकासखंड देवप्रयाग की क्षेत्र पंचायत की बैठक गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय हिंदोलाखाल स्थित सभागार में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पिछली कार्यवाही की समीक्षा के बाद विद्युत विभाग, जल निगम, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास संबंधी प्रस्ताव रखते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की। ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठकें ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख विकास कैन्तुरा, कनिष्ठ प्रमुख राजपाल चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
