डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय में प्रयोगों के साथ सीख रहे विद्यार्थी, बढ़ रही वैज्ञानिक सोच


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप पौड़ी गढ़वाल में स्थापित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में लोकार्पित इस संग्रहालय में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं पहुंचकर विज्ञान को आधुनिक इंटरएक्टिव मॉडलों, वैज्ञानिक प्रयोगों और जीवंत प्रदर्शनों के माध्यम से व्यावहारिक रूप से समझ रहे हैं। ष्देखो, समझो और स्वयं करके सीखोष् की अवधारणा पर विकसित इस संग्रहालय में प्रकाशिकी, ऊर्जा, मानव शरीर, गणित, भौतिकी, पर्यावरण और तकनीकी नवाचार से जुड़े आकर्षक मॉडल स्थापित किए गए हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर जिला योजना के तहत विकसित इस संग्रहालय की विशेषता यह है कि इसकी दीवारें, फर्श और सीढ़ियां भी सीखने का माध्यम हैं। प्रशिक्षित प्रदर्शनकर्ता विद्यार्थियों को सरल भाषा में वैज्ञानिक सिद्धांतों की जानकारी देते हैं, जिससे जटिल अवधारणाएं भी आसानी से समझ में आती हैं। संग्रहालय का संवादात्मक स्वरूप बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर रहा है।
भ्रमण पर आए विद्यार्थियों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया। राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल के छात्र पीयूष चौहान और पार्थ नैथानी ने कहा कि यहां वैज्ञानिक उपकरणों और प्रयोगों को करीब से समझने का अवसर मिला, जिससे विज्ञान के प्रति उनकी रुचि और बढ़ी है। मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना ने बताया कि अधिक से अधिक विद्यालयों के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि प्रयोगात्मक शिक्षा के माध्यम से उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!