एमबीबीएस प्रवेश की तैयारियां तेज, 150 सीटों पर होगा दाखिला

श्रीनगर गढ़वाल। नीट-यूजी 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर में एमबीबीएस प्रवेश की तैयारियां तेज हो गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने 150 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने शैक्षणिक अनुभाग का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी प्रवेश काउंटर व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं। कॉलेज की 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे और 15 प्रतिशत सीटें अखिल भारतीय कोटे के माध्यम से भरी जाएंगी। प्राचार्य ने स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, छात्रावास और कैंटीन की सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल परीक्षण और प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी व्यवस्थित रहेगी, ताकि नए छात्रों को पारदर्शी और छात्र-अनुकूल प्रवेश व्यवस्था मिल सके।
