स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 54 की जांच, 30 के चालान

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में विद्यालय वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों के 54 वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिनमें सुरक्षा मानकों और मोटरयान अधिनियम के उल्लंघन पर 30 वाहनों के चालान किए गए।
जांच में एक वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, छह में परमिट संबंधी अनियमितताएं, एक का बीमा समाप्त, एक बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र, एक चालक के दस्तावेज अधूरे, चार वाहनों में सुरक्षा उपकरणों की कमी, आठ में फर्स्ट एड बॉक्स और दस में अग्निशमन यंत्र अनुपलब्ध या एक्सपायरी पाए गए। टैक्स और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी चार अन्य अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।
