तहसील लक्सर का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, जनहित कार्यों में तेजी के निर्देश’’


हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को तहसील कार्यालय लक्सर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ फरियादियों की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मानसून के मद्देनजर जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से यातायात, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर 3-4 किलोमीटर की दूरी पर भंडारे लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने जनपद में स्वच्छता अभियान को और गति देने तथा सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!