सहकारी समिति में 19 लाख रुपये के गबन का आरोपी पूर्व सचिव गिरफ्तार

पौड़ी। बहु साधन सहकारी समिति लिमिटेड, देवप्रयाग में करीब 19 लाख रुपये के गबन के मामले में फरार चल रहे पूर्व सचिव शैलेंद्र गैरोला को पौड़ी पुलिस ने श्रीनगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाकर कार्रवाई की।
मामले में 19 मार्च 2026 को विकासखंड कोट के सहायक विकास अधिकारी की शिकायत पर थाना देवप्रयाग में विश्वासघात और गबन से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, तत्कालीन सचिव शैलेंद्र गैरोला ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए समिति की धनराशि में वित्तीय अनियमितता की और लगभग 19 लाख रुपये का गबन किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद बुधवार को पुलिस ने शैलेंद्र गैरोला (32 वर्ष) पुत्र सतीश चंद्र, निवासी बड़ीयारगढ़, कीर्तिनगर (हाल निवासी श्रीनगर) को श्रीनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने सहकारी समिति में लगभग 19 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन की बात स्वीकार की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश चौधरी, हेड कांस्टेबल बुद्धि बल्लभ, हेड कांस्टेबल हरीश जमलोकी तथा हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे।
