तीन साल से साधु के वेश में रह रहा व्यक्ति गिरफ्तार

हरिद्वार/लक्सर। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे ’’ऑपरेशन कालनेमी’’ के तहत लक्सर कोतवाली पुलिस ने पंचेवली मंदिर में साधु के वेश में रह रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। सत्यापन के दौरान उसकी वास्तविक पहचान ’’चरणजीत सिंह पुत्र फकीर सिंह’’, निवासी प्रेमनगर अम्मीवाला, थाना प्रेमनगर (हरिद्वार) के रूप में हुई, जबकि वह मंदिर में ’’यति शिवानंद गिरी’’ नाम से रह रहा था।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में साधु के वेश में रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। जांच में पता चला कि चरणजीत सिंह पिछले करीब तीन वर्षों से पंचेवली मंदिर परिसर में रह रहा था। पहचान स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उसने नाम बदलकर मंदिर में रहने का कारण क्या था और इस दौरान उसकी गतिविधियां क्या थीं। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन कालनेमी के तहत ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
