शिक्षा से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य संभव: डॉ. विशाल गर्ग

हरिद्वार। स्वागत सामाजिक संस्था की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ज्वालापुर में सेवा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग एवं उनकी माता नरेश रानी गर्ग ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्टेशनरी और खाद्य सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि शिक्षा ही बच्चे के जीवन को नई दिशा और बेहतर भविष्य प्रदान करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने स्वागत सामाजिक संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समर्पण और सेवा भाव से जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मजबूत नींव रख रही है। ऐसे प्रयास आत्मनिर्भर और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को कॉपी, किताबें, पेन, पेंसिल सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री एवं खाद्य सामग्री वितरित की गई। बच्चों ने बेहतर शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, समाजसेवी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
