आधुनिक तकनीक से आपदा प्रबंधन को मिलेगी नई मजबूती: डीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में जनपद देहरादून में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। अतिवृष्टि एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संवेदनशील आपदा क्षेत्रों तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हाई डेफिनिशन पीटीजेड कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा सहस्त्रधारा, कार्लीगाड़ एवं गुच्चूपानी सहित प्रमुख संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरों के माध्यम से 24×7 रियल टाइम निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन कैमरों का एक्सेस जिला आपदा परिचालन केंद्र स्थित कंट्रोल रूम में उपलब्ध है, जहां से संबंधित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। मालदेवता में भी पीटीजेड कैमरे स्थापित करने का कार्य जारी है। कैमरों के माध्यम से जलस्तर में अचानक वृद्धि, असामान्य गतिविधियों अथवा किसी आपात स्थिति की तत्काल जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे संभावित खतरे का समय रहते आकलन कर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू करने में मदद मिलेगी। पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की गतिविधियों और सुरक्षा पर भी नजर रखी जा सकेगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की रियल टाइम मॉनिटरिंग जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस पहल से अर्ली अलर्ट, त्वरित सूचना और राहत-बचाव कार्यों को मजबूती मिलेगी तथा आपदा की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम करने में सहायता मिलेगी।
