कर्णप्रयाग में निहंग यात्रियों व स्थानीय लोगों के बीच विवाद, चार घायल, चार आरोपी हिरासत में


कर्णप्रयाग-चमोली। कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के पास श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धारदार हथियार से हुए हमले में चार स्थानीय लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे एयर एम्बुलेंस से देहरादून भेजा गया। अन्य तीन घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और हमले में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से सुचारु कराया गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से वार्ता की तथा ब्लॉक सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रशासन ने यात्रियों के लिए पेयजल और खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी की। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!