नवजात को मिली नई जिंदगी, 11 दिन बाद स्वस्थ हुआ मासूम

श्रीनगर गढ़वाल। चमोली के जोशीमठ क्षेत्र के एक माह के नवजात शिशु को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस चिकित्सालय श्रीनगर में 11 दिनों के गहन उपचार के बाद नया जीवन मिला। जानकारी के अभाव में बोतल से दूध पिलाने के कारण बच्चे को गंभीर संक्रमण, पेचिश और डिहाइड्रेशन हो गया था, जिससे उसकी किडनी और अन्य अंग प्रभावित हो गए थे। गंभीर हालत में रेफर किए गए नवजात का उपचार बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक शर्मा और उनकी टीम ने किया। समय पर इलाज और लगातार निगरानी से बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हो गया। चिकित्सकों ने नवजातों के लिए स्तनपान को सबसे सुरक्षित और सर्वाेत्तम आहार बताया।
