किसानों से संवाद कर किया आधुनिक खेती अपनाने का आह्वान

रुद्रप्रयाग। विकासखंड जखोली के ग्राम मेदनपुर में शनिवार को खेत बचाओ अभियान के तहत आयोजित कृषक गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों से आधुनिक, वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 50 हजार पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है तथा मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट, कीवी और अरोमा खेती को बढ़ावा देने के लिए अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेत बचाओ अभियान का उद्देश्य कृषि भूमि का संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य सुधार, जल संरक्षण और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना है। कार्यक्रम में किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी भी दी गई।
