प्रदेश में आज होगी यूकेएसएसएससी परीक्षा, तैयारियां पूरी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


देहरादून/टिहरी/उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा रविवार को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा से एक दिन पूर्व शनिवार को अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, निगरानी तंत्र, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।


परीक्षा को लेकर दून पुलिस अलर्ट

देहरादून। स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सीसीटीवी, जैमर, कंट्रोल रूम, प्रवेश-निकास व्यवस्था और सीटिंग प्लान की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।


एडीएम ने किया निरीक्षण

टिहरी। रविवार को आयोजित होने वाली यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने प्रताप इंटर कॉलेज, बालिका राजकीय इंटर कॉलेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था, निगरानी प्रणाली और स्वच्छता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए।


पुलिस अलर्ट, अधिकारियों ने जांचीं तैयारियां

पौड़ी। यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए पौड़ी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी तपेश कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


डीएम और एसपी ने परखी तैयारियां

चमोली। यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। जनपद में बनाए गए 18 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, सीसीटीवी, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया।

एसपी ने की तैयारियों की समीक्षा

उत्तरकाशी। यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल और सेक्टर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!