प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा आत्मनिर्भर भारत का स्वर्णिम अध्याय: स्वामी अवधेशानंद गिरि

हरिद्वार। जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को भारत के आत्मनिर्भरता, आत्मगौरव और सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल बताया है। उन्होंने कहा कि भारत केवल एक राष्ट्र नहीं, बल्कि हजारों वर्षों पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जहां शासन को लोकमंगल और राष्ट्रसेवा का माध्यम माना गया है।
स्वामी अवधेशानंद गिरि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छ ऊर्जा, पेयजल और वित्तीय समावेशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। वहीं आधुनिक रेलवे, वंदे भारत ट्रेन, एक्सप्रेसवे, डिजिटल अवसंरचना और तकनीकी नवाचारों ने देश को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ पुनर्निर्माण जैसे कार्यों ने भारत की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊर्जा दी है। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका ने देश की प्रतिष्ठा को मजबूत किया है।
स्वामी जी ने कहा कि 4,399 दिनों की यह यात्रा केवल शासन की सफलता नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक संकल्प, विश्वास और पुरुषार्थ की गाथा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
