चम्पावत, अल्मोड़ा पिथौरागढ़ फार्म वितरण में अव्वल

विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दृष्टिगत सचिवालय में सभी जनपदों जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने गणना फार्म वितरण में देहरादून,नैनीताल और ऊधमसिंह नगर की धीमी प्रगति को लेकर नाराजगी जाहिर की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य रुप से इन तीनों जनपदों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सबसे अधिक गणना फार्म वितरित कर चुके शीर्ष तीन जनपदों चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ की सराहना की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं के लिए आवासीय कॉलोनी, सार्वजनिक स्थानों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं तक पंहुच सुनिश्चित करें, उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वालिंटियर्स, बूथ अवेयरनेस ग्रुप और सक्रिय रुप भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया गया कि उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तीसरे दिन बुधवार दोपहर तक प्रदेश में 19 लाख मतदाताओं को गणना फार्म वितरित कर दिए गए हैं। प्रदेश में लगभग 24 प्रतिशत मतदाताओं को फार्म वितरण का कार्य पूरा कर दिया गया है।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल रुप से जुड़े रहे।

भाजपा की बैठकें और सहयोग शिविर आयोजित
देहरादून। महानगर भाजपा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें और सहयोग शिविर आयोजित किए। धर्मपुर और रायपुर विधानसभा क्षेत्रों की बैठकों में मतदाता सूची के शुद्धीकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। कैंट विधानसभा के द्रोणपुरी स्थित भवानी शंकर मंदिर परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और दस्तावेजी सहायता प्रदान की गई। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है और अभियान में जनसहभागिता सुनिश्चित करना भाजपा की प्राथमिकता है।
अभियान को मिला जनसमर्थन, डीएम ने की अपील
उत्तरकाशी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत भटवाड़ी तहसील के सीमांत गांव बगोरी में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए गए। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी पात्र मतदाताओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और गणना प्रपत्र समय पर जमा करने की अपील की।
