इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बनी जानलेवा हमले की वजह, आरोपी गिरफ्तार


टिहरी। जिले के चंबा क्षेत्र में महिला पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच में सामने आया कि पीड़िता और आरोपी की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच कई महीनों से बातचीत हो रही थी और वे पहले भी कई बार मिल चुके थे।
5 जून 2026 को महिला के परिजनों की शिकायत पर कोतवाली चंबा में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। महिला 4 जून को चंबा दवाई लेने गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। बाद में वह भंडार गांव के एक खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके सिर पर गंभीर चोटें थीं और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गहन जांच के आधार पर 9 जून को आरोपी सुरेश लाल उर्फ सूरज, निवासी पौड़ी गढ़वाल, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि भंडार गांव में मुलाकात के दौरान किसी बात पर विवाद और हाथापाई हो गई। गुस्से में उसने महिला का मोबाइल फेंक दिया और पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। महिला के घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल बंद कर विभिन्न स्थानों पर छिपता रहा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में साक्ष्य संकलन और बरामदगी की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया के माध्यम से बनने वाले संबंधों में सतर्कता बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!