डीएम ने की जल संरक्षण और जलवायु अनुकूल कृषि योजनाओं की समीक्षा

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और विश्व बैंक वित्तपोषित उत्तराखंड जलवायु अनुकूलीकरण बरानी कृषि परियोजना की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्तमान और सूख चुके सभी जल स्रोतों की मैपिंग कर उनकी स्थिति का आकलन किया जाए तथा वन विभाग और वन पंचायतों के सहयोग से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने प्रत्येक ग्राम का ‘वन-पेजर’ तैयार करने के निर्देश दिए, जिसमें भूमि, सिंचाई, कार्यों के प्रभाव और उपलब्धियों का विवरण दर्ज हो। बैठक में जल संरक्षण अभियान, जलागम क्षेत्रों के उपचार, सहायक नदियों और धाराओं के पुनर्जीवन तथा जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। समीक्षा के दौरान बताया गया कि परियोजना के तहत कृषि उत्पादकता बढ़ाने, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने, जल उपलब्धता में सुधार और किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, जिनकी दिशा में कार्य जारी है।
