जिलाधिकारी ने दिए जनहित के मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में प्रशासनिक कार्यों, कानून व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में लंबित न्यायिक एवं राजस्व वादों, भू-राजस्व व अन्य करों की वसूली तथा विभागीय कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी थराली को उप तहसील देवाल में सप्ताह में कम से कम एक दिन नियमित तहसील संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सेवाएं आसानी से मिल सकें।
उन्होंने परिवहन, खनन, खाद्य पूर्ति और आबकारी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को लंबित राजस्व वादों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग, अतिक्रमण और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने तथा जनहित के मामलों में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
