गढ़वाल आयुक्त ने दिए आपदा पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
श्रीनगर। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में दैवीय आपदाओं से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को स्वीकृत योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने एसडीआरएफ एवं आपदा न्यूनीकरण निधि के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने जल निगम, जल संस्थान, ग्रामीण निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग को लंबित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप करने के निर्देश दिए। आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने नालियों, कलवर्ट और स्क्रबर की समय से सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे। आयुक्त ने बताया कि जल्द ही अधिकारियों की संयुक्त टीम विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेगी। उन्होंने पुनर्स्थापन कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने पर भी बल दिया।
