नेपाल लिंक वाले गिरोह का भंडाफोड: 5 लाख से अधिक कीमत की 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
चमोली। पुलिस ने वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय एवं नेपाल लिंक वाले वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जबकि बद्रीनाथ धाम से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल को भी 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया।
थाना थराली क्षेत्र में अप्रैल और मई 2026 में चोरी हुई दो महंगी स्पोर्ट्स बाइकोंकृकेटीएम आरसी-200 और पल्सर आरएस-200 की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने चमोली सहित कई जनपदों के 400 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसके बाद नेपाल निवासी मुख्य आरोपी देव भण्डारा और प्रेम बहादुर को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर दोनों चोरी की बाइक बरामद हुईं। जांच में चोरी की बाइक खरीदने और बेचने के आरोप में अल्मोड़ा के पीयूष आर्य और कुनाल सिंह बिष्ट को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह महंगी स्पोर्ट्स बाइकों को निशाना बनाकर उन्हें नेपाल और अन्य क्षेत्रों में बेचता था। बरामद वाहनों की कुल कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
दूसरे मामले में बद्रीनाथ धाम से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। गौचर में चेकिंग के दौरान एक 14 वर्षीय विधि-विवादित किशोर को बाइक सहित पकड़ा गया। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार की। किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है।
