प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, 35 से अधिक कब्जे ध्वस्त

हरिद्वार। जनपद में मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला के नेतृत्व में तहसील प्रशासन, नगर पंचायत और पुलिस की संयुक्त टीम ने गोवर्धनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभियान चलाकर 35 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए। अभियान के दौरान सार्वजनिक सड़क, नालियों और फुटपाथों पर किए गए कब्जों को हटाया गया तथा 81 पुलिस एक्ट के तहत 13 लोगों के चालान भी किए गए। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में नालियों या सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण, निर्माण सामग्री अथवा व्यावसायिक सामान रखे जाने पर उसे जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।
