हरिद्वार में राशन कार्ड सत्यापन अभियान, 462 कार्ड निरस्त
हरिद्वार। जनपद में राशन कार्डों के विशेष सत्यापन अभियान के तहत अब तक 20,861 कार्डों की जांच की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की योजनाओं का अनुचित लाभ लेने वाले मामलों की पहचान के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गठित टीमों ने सत्यापन के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम, अपात्र, मृतक तथा बाहर निवासरत लाभार्थियों के 462 राशन कार्ड और 2,202 यूनिट निरस्त किए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
