15 दिनों में 65 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए श्री हेमकुंड साहिब के दर्शन

चमोली। 23 मई से शुरू हुई विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में मात्र 15 दिनों के भीतर 65,840 से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। समुद्र तल से 15 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित यह पवित्र तीर्थस्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ के समन्वित प्रयासों से यात्रा का संचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोविंदघाट में बसों, कारों और दोपहिया वाहनों की पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की गई है, जबकि गोविंदघाट से पुलना तक 60 स्थानीय वाहन शटल सेवा के रूप में संचालित किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने में जुटा है।
