पद्मभूषण केवल मेरा नहीं, बल्कि है पूरे उत्तराखंड की जनता का सम्मान: कोश्यारी

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्मभूषण सम्मान मिलने पर भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में कोश्यारी ने कहा कि पद्मभूषण केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जनता का सम्मान है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और आगामी दशक उत्तराखंड के विकास का दशक साबित होगा। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता और पलायन में कमी को राज्य की सकारात्मक उपलब्धियां बताया।
समारोह में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कोश्यारी के सार्वजनिक जीवन, सादगी और जनसेवा को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि कोश्यारी राजनीति में नैतिक मूल्यों और जनहित की भावना के प्रतीक हैं। समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रमुख, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
