शिविर में की महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच

पौड़ी। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर पौड़ी जनपद के सभी चिकित्सा संस्थानों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। विकासखंड कोट के जामलाखाल आयुष्मान आरोग्य मंदिर में महिलाओं की वजन, हीमोग्लोबिन, रक्तचाप और मधुमेह सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि अभियान के तहत जनपदभर में 492 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव, पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
