टिहरी में स्मार्ट अवसंरचना परियोजना को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा

टिहरी गढ़वाल। एशियाई विकास बैंक सहायता प्राप्त स्मार्ट अवसंरचना परियोजना की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्मार्ट निगरानी प्रणाली, बुद्धिमान यातायात प्रबंधन, एआई आधारित सीसीटीवी, ईवी चार्जिंग स्टेशन, डिजिटल सूचना पट्ट, पर्यावरण सेंसर, स्मार्ट पोल और फाइबर आधारित नगर नेटवर्क जैसी सुविधाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने मौजूदा कैमरा नेटवर्क को नए प्रस्तावित नेटवर्क के साथ समेकित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सुझाव शामिल करने के निर्देश दिए। चंबा चौक पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, प्रमुख मार्गों पर वाहन पहचान कैमरे और स्मार्ट बस आश्रय स्थलों में रियल-टाइम सूचना प्रणाली विकसित करने पर भी जोर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पर्यटन स्थलों और नौकायन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई।
