चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले से पहले सड़कों की मरम्मत तेज

हरिद्वार। सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा दिन-रात निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं, ताकि चारधाम यात्रा, कांवड़ मेले तथा स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत एक दिन में पैकेज-01 और पैकेज-02 के अंतर्गत कुल 346 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा मार्गों और प्रमुख सड़कों की मरम्मत शीघ्र पूरी कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सके।
