ग्राम प्रहरियों को मिला आपदा राहत एवं बचाव का प्रशिक्षण

टिहरी। आगामी मानसून सत्र को देखते हुए टिहरी पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन क्षमता मजबूत करने के उद्देश्य से ग्राम प्रहरियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में एसडीआरएफ यूनिट घनसाली द्वारा थाना घनसाली क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों को आपदा राहत एवं बचाव संबंधी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान भूस्खलन, अतिवृष्टि, सड़क अवरोध, नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के समय सुरक्षित एवं त्वरित कार्रवाई की जानकारी दी गई। साथ ही घायल व्यक्तियों के प्राथमिक उपचार, सुरक्षित रेस्क्यू, सीपीआर, रॉप क्लाइम्बिंग, रैपलिंग तथा जीवन रक्षक तकनीकों का अभ्यास कराया गया। ग्राम प्रहरियों को वुड कटर और कंक्रीट कटर जैसे उपकरणों के सुरक्षित उपयोग की भी जानकारी दी गई।
